उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने बिष्टूपुर के 103 साल पुराने राम मंदिर में पूजा की। इस अवसर पर अपने संदेश में उपराष्ट्रपति ने राम मंदिर की स्मारिका में लिखा कि राम मंदिर में आकर उन्हें बहुत अच्छा लगा। यह 103 साल पुराना मंदिर है।
यहां आने के बाद उन्हें इस बात की प्रसन्नता हुई कि विश्व के किसी स्थान पर चले जाएं अपनी भाषा और संस्कृति की एक अलग पहचान होती है। उससे अपनत्व का एहसास होता है। उन्होंने मंदिर परिसर स्थित पीपल पेड़ के बारे में पूछा तो उन्हें बताया गया कि उसे पूर्व राष्ट्रपति वीवी गिरी ने लगाया था। इस पर उन्होंने आश्चर्य व्यक्त किया।
इसके बाद उन्होंने राम मंदिर कमेटी व अन्य मंदिर से जुड़े स्कूल कमेटी के सदस्यों व पदाधिकारियों के साथ सामूहिक तस्वीर खिंचवाई। इससे पूर्व उन्होंने मंदिर परिसर में ही एक आंवले का पौधा रोपा। इस अवसर पर उनके साथ झारखंड की राज्यपाल द्रौपदी मूर्मू भी मौजूद थीं।




































































