
लखनऊ। कोरोना वायरस संक्रमण को रोकने के लिए पूरे देश में 21 दिन का लॉकडाउन जारी है। हालांकि कुछ लोग इसे मान नहीं रहे हैं और ऐसे लोगों पर पुलिस कार्रवाई कर रही है। उत्तर प्रदेश में लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर लगभग 40 हजार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। कोरोना पर फर्जी खबर फैलाने को लेकर भी पुलिस ने कार्रवाई की है।
उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव (गृह व सूचना) अवनीश अवस्थी ने बताया कि आईपीसी की धारा 188 के अंतर्गत 39 हजार 857 लोगों के खिलाफ 12 हजार 236 एफआईआर दर्ज की गई है। वहीं फर्जी खबर फैलाने के आरोप में 78 मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि आरोप सिद्ध होने पर इन लोगों को जेल की सजा हो सकती है।



































































