
लखनऊ। लखनऊ में तालकटोरा के मुनेश्वरपुरम के चंदनविहार में गुरुवार को इलाकाई लोगों को बंटवाए गए खाने के पैकेट में नॉनवेज निकलने से हड़कंप मच गया। लोगों ने पुलिस को सूचना दे दी।
पुलिस ने खाने के पैकेट बंटवाने वाले युवक और दो महिलाओं समेत चार लोगों को पकड़ा है। इंस्पेक्टर धनंजय सिंह का कहना है कि पैकेट कहां से आए? इसकी छानबीन की जा रही है।
इंस्पेक्टर ने बताया कि राजाजीपुरम निवासी महिला संगठन की संचालिका लोगों की मदद से जरूरतमंदों को खाने के पैकेट बंटवाती हैं। इसकी जिम्मेदारी मुनेश्वरपुरम में रहने वाले राम लाल भंडारी की है।
गुरुवार को वह पैकेट लेकर चंदनविहार गया था। उसने कई लोगों को पैकेट दिए। इसे खोला तो भीतर नॉनवेज देखकर लोग भड़क उठे और हंगामा शुरू कर दिया। किसी ने डॉयल 112 को फोन कर सूचना दे दी।



































































