
वाराणसी। चौबेपुर थाने में तैनात दरोगा हर्ष भदौरिया का टिकटॉक वीडियो शनिवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वायरल वीडियो में दरोगा हर्ष हिंदी फिल्म सिंघम के थीम सांग पर एके-47 लेकर दौड़ रहे हैं। वीडियो के वायरल होते ही सोशल मीडिया पर सवाल उठने लगे कि क्या एक दरोगा को वर्दी पहन कर इस तरह का वीडियो बनाना चाहिए…?
इस संबंध में पूछे जाने पर एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने बताया कि वायरल वीडियो की जानकारी मिली है। एसपी ग्रामीण को जांच सौंप कर रिपोर्ट देने को कहा गया है। रिपोर्ट के आधार पर प्रकरण में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
असलहे के साथ वर्दी में इस तरह का आचरण ठीक नहीं है। उधर, पुलिसकर्मियों ने बताया कि दरोगा हर्ष पहले भी इस तरह के वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर सुर्खियों में रहे हैं।



































































