
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में गांव की सरकार पर भी अपना दबदबा कायम रखने की बड़ी तैयारी में लगी भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश पंचायत चुनाव में जिला पंचायत सदस्यों की पहली सूची जारी कर दी है। उत्तर प्रदेश तथा देश की सत्ता पर काबिज भाजपा ने पहली सूची में आठ जिलों के प्रत्याशियों का नाम फाइनल किया है।
भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने शुक्रवार को जिला पंचायत सदस्यों की पहली सूची जारी की है। इसमें आठ जिलों के प्रत्याशियों के नाम हैं।
उत्तर प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर बिगुल बज चुका है। शासन-प्रशासन से लेकर पार्टियों और दावेदारों ने सभी ने अपनी कमर कस ली है और ताबड़तोड़ तैयारियों में जुट गए हैं।
भाजपा ने जिन जिलों के जिला पंचायत सदस्यों की सूची जारी की है, उसमें गाजियाबाद, महोबा, सहारनपुर, चित्रकूट, कानपुर नगर, रामपुर, संत कबीर नगर, गोरखपुर तथा कन्नौज जिले की जिला पंचायत सीटों के उम्मीदवारों के नाम हैं। जारी भारतीय जनता पार्टी की सूची में 1600 पंचायत सदस्य उम्मीदवारों का नाम है।



































































