
विशाखापट्टनम। आंध्र प्रदेश में एक केमिकल प्लांट से जहरीली गैस का रिसाव होने से विशाखापटनम के आरएस वेंकटपुरम गांव में एलजी पॉलिमर इंडस्ट्री प्लांट में केमिकल गैस के लीक होने से कई लोगों की मौत हो गई। वहीं इस जहरीली गैस से करीब एक हजार से अधिक लोग बीमार हो चुके हैं। गैस के रिसाव के बाद पूरे इलाके को खाली कराया जा रहा है, हालांकि आंध्र प्रदेश के डीजीपी गौतम स्वांग ने जहरीली गैस के रिसाव से 6 मौतों की पुष्टि की है। गैस रिसाव के चलते आंखों में जलन और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद लोगों को अस्पताल ले जाया जा रहा है मौके पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम पहुंच गई है।

बताया जा रहा है कि कई लोग अस्पताल में भर्ती किए जा रहे हैं। एलजी पॉलीमर्स लिमिटेड में सुबह करीब तीन बजे यह हादसा हुआ जब आसपास की कॉलोनियों में लोग सो रहे थे। गैस रिसाव की घटना सुनकर कई लोग मौके पर पहुंचे मगर आंखों में जलन और गैस की किसी गंध को सहन करने में असमर्थ लोग सड़कों पर ही गिर गए। इस जहरीली गैस का असर इतना ज्यादा है कि बड़ी संख्या में लोग अपने घरों में ही बेहोश होने लगे। इसमें ज्यादातर बच्चे और बूढे हैं।



































































