रांची। झारखंड विधानसभा चुनाव में पहले चरण की वोटिंग के बीच कांग्रेस के एक उम्मीदवार केएन त्रिपाठी ने पलामू के कोशियार बूथ पर सरेआम हाथों में पिस्तौल निकाल लिया। शनिवार को पहले चरण का मतदान हो रहा है। इसी बीच एक बड़ी घटना में पलामू विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी केएन त्रिपाठी द्वारा मतदान केंद्र पर पिस्तौल लहराया गया। डालटनगंज में कांग्रेस प्रत्याशी केएन त्रिपाठी द्वारा हथियार लहराने की सूचना पर राज्य चुनाव आयोग ने रिपोर्ट तलब की है। अपर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी शैलेश कुमार चौरसिया ने कहा कि निर्वाची पदाधिकारी से फोन पर भी जानकारी ली गई है। वहां मतदान प्रभावित नहीं हुआ है। पूरे मामले की रिपोर्ट मांगी गई है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी।
बताया गया कि चुनाव के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी केएन त्रिपाठी और उनके समर्थकों ने जमकर गुंडागर्दी की है। डालटनगंज के पुरबडीहा मतदान केंद्र पर भाजपा कार्यकर्ता की पिटाई की भी खबर है। यहां वीडियो बना रहे पत्रकारों को भी पीटा गया है। प्रत्याशी केएन त्रिपाठी एक अन्य मतदान केंद्र पर खुद पिस्तौल लहराते दिखे। यह मतदान केंद्र भाजपा प्रत्याशी आलोक चौरसिया के गांव में है।




































































