
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वह कोविड-19 से संक्रमित होने और उपचार के बाद ‘सुपरमैन’ (बहुत ताकतवर) की तरह महसूस कर रहे हैं और इस उपचार ने बीमारी के खिलाफ उनमें रोग प्रतिरोधक क्षमता विकसित कर दी है। बता दें कि अमेरिका में कोरोना वायरस संक्रमण के कारण 2,16,000 अमेरिकियों की मौत हो चुकी है और सुपरमैन एक काल्पनिक महानायक है।
डोनाल्ड ट्रंप एक अक्टूबर को कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए थे और उन्हें तीन रात एवं चार दिन के लिए एक सैन्य अस्पताल में भर्ती किया गया था। ट्रंप ने एक प्रयोगात्मक एंटीबॉडी दवा के मिश्रण से उपचार के बाद स्वयं को स्वस्थ घोषित किया था। व्हाइट हाउस के चिकित्सकों ने उन्हें चुनावी रैली में भाग लेने की अनुमति दे दी है।
ट्रम्प ने पेन्सिलवेनिया में चुनावी रैली में मंगलवार को कहा, ‘मुझे यह पता है कि मैंने कुछ (दवा) ली, जिसके बाद मैं बहुत जल्द ठीक हो गया। मुझे नहीं पता कि यह क्या था। यह एंटीबॉडी दवा थी। मुझे नहीं पता। मैंने इन्हें लिया और मुझे सुपरमैन की तरह महसूस हो रहा है।’ राष्ट्रपति ने उनका उपचार करने वाले चिकित्सकों को धन्यवाद दिया। ट्रंप ने अपनी रोग प्रतिरोधक क्षमता के बारे में कहा, ‘अब मुझमें रोग प्रतिरोधक क्षमता है। मैं नीचे आकर किसी को भी चूम सकता हूं।’
मेलानिया अब तक सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आईं
कोविड-19 से पीड़ित होने और उपचार के बाद ठीक होने पर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने तो चुनावी अभियान शुरू कर दिया है लेकिन राष्ट्रपति के साथ ही कोरोना वायरस से संक्रमित हुयी उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप अभी तक सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आई हैं। मेलानिया ने अपनी सेहत के बारे में एक हफ्ते पहले जानकारी दी थी जिसमें उन्होंने कहा था कि उन्हें संक्रमण के मामूली लक्षण हैं। व्हाइट हाउस ने भी यह नहीं बताया है कि प्रथम महिला सार्वजनिक रूप से कब सामने आएंगी।



































































