
नई दिल्ली। देशभर में कोरोना वायरस को लेकर लॉकडाउन चल रहा है, जिसकी वजह से फ़िल्मों की शूटिंग भी बंद है। ऐसे में डायरेक्टर विवेक रंजन अग्निहोत्री ने जब सोनीक्षी सिन्हा पर शूटिंग करने का आरोप लगाया तो वो भड़क गयीं और मुंबई पुलिस के फेक न्यूज़ को रोकने के लिए मदद की मांग की।
मामले की शुरुआत विवेक अग्निहोत्री के एक ट्वीट से हुई, जिसमें उन्होंने मुंबई मिरर की कतरन शेयर की थी। इस कतरन में सोनाक्षी सिन्हा का फोटो था और कैप्शन में लिखा था- Sonakshi Sinha in a classic freeze-frame, stepping out of a studio in Goregaon… इस कतरन के साथ विवेक ने पूछा- ऐसे वक़्त में शूटिंग कौन करता है? विवेक के इस ट्वीट का पता जब सोनाक्षी को चला तो वो भड़क गयीं।
उन्होंने विवेक को आड़े हाथों लेते हुए लिखा- ”एक निर्देशक और यूनियंस और फ़िल्म बॉडीज़ का सदस्य होने के नाते आपसे उम्मीद की जाती है कि आपको ज्यादा जानकारी होगी कि इस वक़्त कोई शूटिंग नहीं कर रहा है, क्योंकि स्टूडियोज़ बंद हैं और यह देशव्यापी लॉकडाउन है। मुझे यक़ीन है कि मुंबई मिरर के शब्दों में क्लासिक फ्रीज़ फ्रेम का मतलब थ्रोबैक होता है।”
इसके साथ सोनाक्षी ने इस शूटिंग की तस्वीर शेयर करके बताया कि यह 5 नवंबर 2019 की है। इस तस्वीर में सोनाक्षी फरहा ख़ान और वरुण शर्मा के साथ दिख रही हैं। उन्होंने वही ड्रेस पहनी हुई है, जो मुंबई मिरर की कतरन वाली फोटो में है। इसके साथ एक अन्य ट्वीट में सोनाक्षी ने मुंबई पुलिस और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को टैग करके पूछा कि ऐसे मुश्किल वक़्त में अफ़वाह और फ़र्ज़ी ख़बरें फैलाने वाले लोगों को रोकने के क्या तरीक़े हैं? एक ज़िम्मेदार नागरिकर होने के नाते घर पर सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए पूछ रही हूं और मैं शूटिंग नहीं कर रही।



































































