
दिल्ली । आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल दिवाली के अवसर पर अपने कैबिनेट सहयोगियों के साथ पूजा करेंगे, जिसका टेलीविजन पर सीधा प्रसारण किया जाएगा। मुख्यमंत्री शनिवार को अग्रसेन जयंती के उपलक्ष्य में दिल्ली विधानसभा में आयोजित अग्र-समागम में बोल रहे थे।
केजरीवाल ने कहा कि मैं आप सभी को सूचित करना चाहता हूं कि इस साल दिवाली पर मैं अपने कैबिनेट मंत्रियों के साथ शाम 7 बजे पूजा करूंगा, जिसका सीधा प्रसारण किया जाएगा। मैं आप सभी से अपने-अपने टीवी के माध्यम से हमारे साथ दिवाली मनाने का आग्रह करता हूं। दीपावली 4 नवंबर को मनाई जाएगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वह 26 अक्टूबर को अयोध्या जाएंगे। उन्होंने कहा कि मैं दिल्ली और उसके लोगों की भलाई तथा प्रगति के लिए भगवान श्री राम से प्रार्थना करने और हम सभी के लिए एक सुखी तथा स्वस्थ जीवन के लिए आशीर्वाद लेने मंगलवार को अयोध्या जाऊंगा।
इसके अलावा, केजरीवाल ने पिछले डेढ़ साल में जरूरतमंदों की मदद करने के लिए अग्रवाल समुदाय की सराहना की। उन्होंने कहा कि चूंकि मैं खुद अग्रवाल समुदाय से संबंध रखता हूं, इसलिए मैंने देखा है कि हमारे समुदाय के लोगों ने कैसे कोविड के कारण अपना व्यवसाय खो दिया और भारी नुकसान का सामना किया। सभी प्रतिकूल हालात के बावजूद समुदाय ने हर समय जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे कदम बढ़ाया। इसका मुझसे बेहतर कोई गवाह नहीं हो सकता।
रामलला के दर्शन करने 26 को अयोध्या जाएंगे केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल अगले सप्ताह उत्तर प्रदेश के अयोध्या जाएंगे जहां वह भगवान राम के जन्मस्थल पर जा कर पूजा-अर्चना करेंगे। प्रदेश में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। अयोध्या में राम जन्मभूमि पर भव्य एवं विशाल मंदिर का निर्माण हो रहा है। फिलहाल, एक अस्थायी मंदिर में भगवान राम की प्रतिमा रखी हुई है। अधिकारियों ने बताया कि केजरीवाल 26 अक्टूबर को भगवान राम की पूजा-अर्चना करेंगे। आम आदमी पार्टी अगले साल उत्तर प्रदेश विधानसभा का चुनाव लड़ने की घोषणा कर चुकी है।



































































