
दिल्ली के ओखला के फेज-1 में शुक्रवार शाम को कपड़े की एक फैक्टरी में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग पर काबू पाने के लिए दमकल की 15 गाड़ियों को भेजा गया।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार की शाम को ओखला में कपड़े की एक फैक्टरी में आग लग गई। आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।
दिल्ली अग्निशमन सेवा के एक अधिकारी ने इस बारे में बताया कि घटना में अब तक किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली है। अग्निशमन विभाग ने बताया कि आग के बारे में शाम चार बजकर 20 मिनट पर सूचना मिली थी, जिसके बाद दमकल की 15 गाड़ियों को वहां भेजा गया। अधिकारी ने बताया कि आग बुझाने का काम चल रहा है और फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।



































































