
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘भगवा वस्त्र’ पर टिप्पणी करने वाली कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी पर पलटवार करते हुए कहा है कि राजनीति के लिये धर्मों की लड़ाई न शुरू की जाए।
उपमुख्यमंत्री ने प्रियंका गांधी के बयान के बाद बुलाई प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि सीएम ने धर्म को धारण किया है। हिन्दू धर्म किसी का अहित करना नहीं सिखाता। हिन्दू धर्म में किसी अन्य धर्म के अपमान की बात ही नहीं है। इतना विशाल हिन्दू धर्म है यह, उसको आप कह रहे हैं कि धारण करने वाला व्यक्ति ऐसा काम कर रहा है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि आप अपनी राजनीति में आकर धर्मों की लड़ाई को प्रारम्भ कर रही हैं। कृपया ऐसा न करें। यह हिन्दू और मुसलमान का प्रश्न नहीं है। यह भारत के भविष्य और राष्ट्रीय एकता का सवाल है। उपमुख्यमंत्री ने एक सवाल पर कहा कि मुख्यमंत्री ने ‘बदले में’ शब्द का प्रयोग किया था मगर उनका मतलब हिंसा में तोड़ी गयी सरकारी सम्पत्ति के बदले में उसके दोषियों की सम्पत्ति बेचकर भरपाई करने से था।
बता दें कि इससे पहले कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने सोमवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि योगी ने भगवा धारण किया है, जो हिन्दू धर्म का चिन्ह है लेकिन उस धर्म में रंज, हिंसा और बदले की भावना की कोई जगह नहीं है। प्रियंका गांधी ने कहा मुख्यमंत्री ने बयान दिया कि वह बदला लेंगे। उनके उस बयान पर पुलिस प्रशासन कायम है। इस देश के इतिहास में शायद पहली बार किसी मुख्यमंत्री ने ऐसा बयान दिया। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि आज सुबह उनकी पार्टी की तरफ से राज्यपाल को एक चिट्ठी भेजी गयी है । उन्होंने आरोप लगाया कुछ दिनों से हम सब और पूरा प्रदेश देख रहा है कि प्रदेश सरकार, प्रशासन और पुलिस द्वारा कई जगह अराजकता फैलाई गई है । उन्होंने ऐसे कदम उठाये हैं जिनका कोई न्यायिक आधार नहीं है ।



































































