
लखनऊ। यूपी की योगी सरकार ने दूसरे प्रदेशों में फंसे अपने राज्य के मजदूरों को वापस लाने का काम शुरू कर दिया है। उत्तर प्रदेश के अतिरिक्त मुख्य सचिव गृह, अवनीश अवस्थी ने बताया कि हरियाणा से 82 बसों से 2224 लोगों को आज प्रदेश वापस लाया गया है। इन सभी को अभी क्वारंटाइन में रखा जाएगा। इसके बाद जांच पूरी हाेन के बाद ही इन लोगों को घर भेजा जाएगा। इन सभी मजदूरों के खाने की भी अच्छी व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के आदेश पर गांवों में 15 लाख से अधिक रोजगार की व्यवस्था की जा रही है।
अतिरिक्त मुख्य सचिव गृह ने लखनऊ में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि तबलीगी जमात के संपर्कों की चेकिंग लगभग पूरी हो चुकी है । अब तक राज्य में लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर 539 एफआईआर दर्ज की गई है और 242 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंन बताया कि सभी नामित नोडल अधिकारी जिलों में पहुंच गए हैं। संतकबीरनगर में भी नोडल अधिकारी भेजे गए हैं। बता दें कि संतकबीरनगर में आज ही 19 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इनमें से 18 एक ही परिवार के हैं।



































































