
नई दिल्ली। चीन के वुहान शहर से फैली कोरोना वायरस की महामारी ने दुनियाभर को अपनी चपेट में ले लिया है। कोरोना वायरस की वजह से खेलों पर भी असर पड़ रहा है। ऐसे में भारत सरकार ने खिलाड़ियों के सभी ट्रेनिंग कैंप बंद करने का फैसला किया है। वहीं, पाकिस्तान सुपर लीग 2020 को भी बंद कर दिया गया है।
पीएसएल भी हुआ बंद
पाकिस्तान में खेली जा रही पाकिस्तान सुपर लीग 2020 के सिर्फ 3 मुकाबले बाकी थी, जिनमें दो सेमीफाइनल और एक फाइनल मुकाबला था, लेकिन इससे पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने इस लीग को बंद करने का फैसला लिया है। कोरोना वायरस की वजह से ये आखिरी क्रिकेट टूर्नामेंट भी बंद हो गया है। पीएसएल 2020 के आखिरी कुछ मैच खाली स्टेडियम में आयोजित कराए गए थे।
मंगलवार की दोपहर को खेल मंत्री किरण रिजिजू की दफ्तर से जारी बयान के मुताबिक, सभी राष्ट्रीय कैंप कोरोना वायरस की वजह से स्थिगित किए जा रहे हैं, जिसमें टोक्यो ओलंपिक 2020 की तैयारी कर रहे एथलीट भी शामिल हैं। दर्जनों एथलीट टोक्यो ओलंपिक के लिए तैयारी नहीं कर पाएंगे। इससे पहले 16 मार्च को खेल मंत्रालय ने खेल से जुड़े सारे एकेडमिक सेशन COVID 19 की वजह से रद कर दिए थे।
कोरोना वायरस के कारण स्पेन की युवा टीम के कोच फ्रांसिस्को ग्रेसिया की मौत हो गई है। 21 साल के ग्रेसिया पिछले सप्ताह कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए थे। इतना ही नहीं, एक दर्जन से ज्यादा फुटबॉलर कोरोना वायरस के टेस्ट में पॉजिटिव सामने आए हैं।



































































