
प्योंगयांग। बीते कुछ समय पहले रहस्यमयी तरीके से गायब रहने वाले नॉर्थ कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन ने अज्ञातवास से आते ही परमाणु क्षमता बढ़ाने की कवायदों को तेज कर दिया है। नॉर्थ कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन के नेतृत्व में केंद्रीय सैन्य आयोग बैठक हुई। इस बैठक में परमाणु युद्ध निरोध और परमाणु मारक क्षमता को बढ़ाने के लिए नई नीतियों पर चर्चा की गई। यह जानकारी देश की स्टेट मीडिया ने रविवार को दी।
नॉर्थ कोरिया की स्टेट न्यूज एजेंसी केसीएनए के मुताबिक, सत्तारूढ़ वर्कर्स पार्टी के केंद्रीय सैन्य आयोग की बैठक में महत्वपूर्ण सैन्य क्षमता और सशस्त्र बलों के विकास के लिए संगठनात्मक और राजनीतिक उपायों को लेकर चर्चा हुई।
केसीएनए ने अपनी रिपोर्ट में कहा, ‘बैठक में देश की परमाणु निरोध को लेकर नई नीतियों पर बात हुई। केंद्रीय सैन्य आयोग की बैठक देश के सशस्त्र बलों के निर्माण और विकास के अनुरूप रणनीतिक सशस्त्र बलों को एक हाई अलर्ट ऑपरेशन पर रखने को लेकर केंद्रीत थी।
हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं है कि यह बैठक कब हुई। मगर समाचार एजेंसी योनहाप की एक रिपोर्ट के अनुसार, राज्य की मीडिया आमतौर पर किम जोंग उन की गतिविधि के एक दिन बाद ही रिपोर्ट करता है। बता दें कि हाल ही में करीब 21 दिनों तक गायब रहने के बाद किम जोंग उन दुनिया के सामने आए थे और सीधे वह उस फैक्ट्री के उद्घाटन में गए थे, जो माना जा रहा है कि वहां परमाणु हथियार तैयार होता है।
पिछले महीने तनाशाह किम जोंग उन की सेहत को खूब अफवाहें उड़ीं थीं। कभी उनकी मौत की खबरें आती थीं तो कभी उनकी सर्जरी के। मगर बाद में उनकी वापसी से सारी अकटलें बंद हो गई.। माना जा रहा है कि गायब होने के बाद से आने पर यह उनकी पहली बैठक है।



































































