
लखनऊ। जनता कर्फ्यू के दौरान रविवार को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ, गाजियाबाद, वाराणसी, गोरखपुर समेत कई शहरों में लोग अपने घरों में कैद रहे। दूध-दवा और अन्य जरूरी सामानों को छोड़कर सभी दुकानें बंद हैं। नोएडा, मेरठ और आगरा में भी सड़कों पर सन्नाटा पसरा है। सिर्फ पुलिस के जवान कोरोना से जुड़े निर्देशों की घोषणा करते नजर आए। प्रदेश में कोरोना के 28 संक्रमित मिलने के बाद लखनऊ, गाजियाबाद और नोएडा को 31 मार्च तक लॉकडाउन करने का फैसला लिया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता कर्फ्यू को सोमवार सुबह तक बढ़ाने की अपील की। इससे पहले कर्फ्यू की अवधि रविवार सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक तय थी। योगी ने रात को आपात बैठक भी बुलाई है। संभव है कि इसमें जनता कर्फ्यू को बढ़ाकर 31 मार्च तक कर दिया जाए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर में हैं, वे यहीं से अधिकारियों को निर्देश दे रहे हैं। योगी ने कहा कि संयम, सजगता, जागरुकता से महामारी के खिलाफ लड़ाई को सफल बनाएं। कोरोना हारेगा- भारत जीतेगा। प्रदेश में कोरोनावायरस के 28 केस सामने आए हैं। इनमें से 11 ठीक हो चुके हैं। जनता को आगे भी कर्फ्यू के लिए तैयार रहना होगा।



































































