
लखनऊ। लाकडाउन के दौरान राजधानी में कम्युनिटी किचन के माध्यम से निर्धन, असहाय, श्रमिक वर्ग के 27500 लोगों को भोजन उपलब्ध कराया गया है। जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश ने बताया, कि जनपद में मजदूर, श्रमिक और निर्धन वर्ग के लोगों को कम्युनिटी किचन के माध्यम से लगातार सहायता पहुंचाई जा रही है। राजधानी के नगरी क्षेत्रों में जिला प्रशासन, नगर निगम, लखनऊ विकास प्राधिकरण एवं अन्य स्वयं सेवी संगठन के माध्यम से लोगों को भोजन उपलब्ध कराया गया।

तहसील मलिहाबाद
उप जिलाधिकारी विकास सिंह ने बताया कि आज माल, बरगदिया, मढौली, नज़रनगर, मलिहाबाद नगर पंचायत, रहीमाबाद आदि क्षेत्रों में कुल 350 लोगों को भोजन और 35 लोगों को राशन उपलब्ध कराया गया।
तहसील बक्शी का तालाब
उप जिलाधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि आज इटौंजा, अस्ति, कुमरहवा आदि क्षेत्रों में कुल 670 लोगों को भोजन उपलब्ध कराया गया।

तहसील मोहनलालगंज
उप जिलाधिकारी पल्लवी मिश्रा ने कहा कि आज निगोहा, ग्राम मऊ, मोहान, गोसाईगंज, वत्सवा, सिसेंडी, खिजौली आदि ग्रामों में कुल 50 लोगों को भोजन और 54 लोगों को राशन उपलब्ध कराया गया।
नगर निगम के सभी जोन के सभी क्षेत्रों और तहसील स्तर के क्षेत्रों में आज हजारों लोगों को भोजन वितरित किया गया। जिलाधिकारी ने बताया कि शहर के लगभग 350 पॉइंट चिन्हित किए गए हैं। जहां पर अक्षय पात्र के सहयोग से भोजन का वितरण किया जा रहा है। इस प्रकार से संपूर्ण जनपद में आज कुल 27500 लोगों को भोजन और 485 लोगों को राशन के पैकेट उपलब्ध कराए गए।

जिलाधिकारी ने बताया कि अक्षय पात्र द्वारा स्कूलों में भोजन का वितरण कराया जाता था। लॉकडाउन की वजह से स्कूल बंद है, और जनपद में ज्यादा से ज्यादा निर्धन असहाय लोग भोजन पहुंचाने के उद्देश्य से अक्षय पात्र का सहयोग लिया जा रहा है। जनपद में किसी भी व्यक्ति को आवश्यक सामग्री, भोजन की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। जिला प्रशासन के द्वारा इस क्रम में निरंतर प्रयास भी किया जा रहा है जिससे कि जनपद वासियों को लॉकडाउन की अवधि में किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े।




































































