
मुंबई। मौसम विभाग ने मुंबई और आसपास के इलाकों में अगले 24 घंटे में भारी बारिश की चेतावनी दी हैं। शनिवार को इन इलाकों में रेड अलर्ट भी जारी किया गया है। इससे पहले शुक्रवार को लगभग पूरे दिन मुंबई समेत उपनगरीय ठाणे, पालघर के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हुई थी। रत्नागिरी और रायगढ़ के कुछ इलाकों में भी जलभराव हुआ।
राजधानी मुंबई समेत राज्य के कई इलाकों में सुबह से तेज बारिश हो रही है। मुंबई में मरीन ड्राइव में हाईटाइड के कारण समुद्र में ऊंची लहरें उठनी शुरू हो गई है। मुंबई में शुक्रवार से शुरू हुई तेज बारिश को देखते हुए मौसम विभाग ने तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है। बृहन्मुंबई म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (बीएमसी) ने लोगों से अपील कि है कि समुद्र के करीब न जाएं। नेवी और एनडीआरएफ को अलर्ट कर दिया गया है।
शनिवार सुबह से भी मुंबई के सबअर्बन इलाकों में 5 से 10 मिमी के बीच बारिश हुई है। इनमें विले पर्ले, अंधेरी, माटुंगा, किंग सर्कल, एंटॉप हिल, बांद्रा और मलाड के कुछ इलाके शामिल हैं। इससे पहले शुक्रवार को बारिश से मुंबई शहर और उपनगरों में जगह-जगह पानी भर गया। इनमें दादर, माटुंगा, वर्ली नाका, लालबाग, किंग्स सर्कल, सायन, कुर्ला, अंधेरी समेत कई इलाके शामिल थे।



































































