
पटना। दिल्ली से निकले मजदूरों को उत्तर प्रदेश सरकार विशेष बस से बिहार भेजने की तैयारी कर रही है। इस पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ऐतराज जताया है। उन्होंने कहा कि विशेष बस से लोगों को भेजना गलत कदम है। इससे बीमारी और फैलेगी जिसकी रोकथाम और उससे निपटना सबके लिए मुश्किल होगा। जो जहां हैं उनके लिए वहीं रहने और खाने की व्यवस्था की जा रही है। यह फैसला लॉकडाउन को पूरी तरह फेल कर देगा। नीतीश ने सुझाव दिया है कि स्थानीय स्तर पर ही कैंप लगाकर लोगों के रहने और खाने का इंतजाम किया जाए।
दिल्ली-एनसीआर से हजारों की संख्या में लोग अपने घर जाने के लिए पैदल ही निकले हैं। इसे देखते हुए यूपी सरकार ने दो सौ बसों का इंततजाम किया है। ये बसें नोएडा और गाजियाबाद से हर दो घंटे में रवाना होगी। इन बसों में ज्यादातर पूर्वींचल और बिहार के यात्री हैं। बिहार सरकार का कहना है कि कई दिनों से परेशानी झेल रहे इन यात्रियों के लिए यह राहत वाली बात हो सकती है। लेकिन, सच्चाई ये भी है कि इन यात्रियों में अगर कोई भी संक्रमित हुआ तो बड़ी दिक्कत हो सकती है।



































































