
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में शु्क्रवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों में हुई वृद्धि के खिलाफ विधानसभा के सामने जमकर प्रदर्शन किया। इस दौरान सपाइयों ने मोदी तेरी तानाशाही नहीं चलेगी-नहीं चलेगी, योगी-मोदी सरकार इस्तीफा दो के नारे लगाए। बीच सड़क बैठ कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी शुरू कर दी। जिससे पुलिस प्रशासन के हाथ पांव फूल गए। पुलिस ने पहले इन कार्यकर्ताओं को वहां से हटाने की कोशिश की, लेकिन कार्यकर्ता जब नहीं माने तो पुलिस को लाठी चार्ज करना पड़ा।
समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता तख्ती बैनर और ट्रैक्टर लेकर डीजल-पेट्रोल की मूल्य वृद्धि के खिलाफ विधानसभा के सामने आ गए। सुबह तकरीबन साढ़े 9 बजे का समय था। विधानसभा के सामने लोकभवन में लगातार नौकरशाहों की गाड़ियां आ रही थीं। तभी हजरतगंज चौराहे की ओर से लाल टोपी और सफेद कुर्ते पायजामे में कुछ युवा भाजपा सरकार के विरोध में नारे लगाते हुए आगे बढ़ते दिखाई दिए।
जब तक कोई कुछ समझ पाता सबके हाथों में तख्ती और बैनर नजर आने लगे और सभी सपा कार्यकर्ता बीच सड़क बैठकर पेट्रोल-डीजल की मूल्य वृद्धि के खिलाफ धरना प्रदर्शन करने लगे। देखते ही देखते अशोक मार्ग जाम होने लगा। सड़क से सपाइयों को हटाने के लिए पुलिस ने लाठी चार्ज किया जिसके बाद सड़क से सपाइयों की भीड़ तितर बितर हो गई, जिसके बाद पुलिस ने सबको थाना कैंट भेज दिया।



































































