लखनऊ। हाथ पर लाल पेन से आइलवयू अरु लिखकर एक युवती अपने प्रेमी संग ट्रेन के आगे कूद गई। दोनों की आत्महत्या के बाद सदर इलाके में हड़कंप मच गया। मंगलवार देर रात जीआरपी ने शव को पटरी से बरामद किया। इस बीच ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा।
दरअसल, रेलवे को सूचना मिली कि मंगलवार देर रात केकेसी पुल और सदर पुल के बीच वॉशिंग लाइन के सामने कोई व्यक्ति ट्रेन से कट गया है। इस पर जीआरपी इंस्पेक्टर सोमनाथ सिंह मौके पर पहुंचे। यहां पता चला कि मेन लाइन पर करीब 23 से 24 साल की उम्र का एक युवक और लगभग 21 से 22 साल की युवती के शव पड़े हैं। दोनों का सिर धड़ से अलग था। सिर लाइन के अंदर और धड़ बाहर की ओर। माना जा रहा है कि ट्रेन के करीब आने पर दोनों एक साथ पटरी पर लेट गए।
दोनों के पास किसी तरह का सुसाइड नोट और कोई पहचान पत्र नहीं मिला। इसके चलते दोनों की पहचान नहीं हो पा रही है। दोनों के शरीर पर किसी दूसरी चोट के निशान भी नहीं पाए गए हैं। लड़की के हाथ पर लाल पेन से आइलवयू अरु लिखा है। जीआरपी के मुताबिक प्रथम दृष्टया युवक एवं युवती के आत्महत्या करने की बात सामने आ रही है। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ स्पष्ट हो सकेगा। लड़की के हाथ पर अरु नाम लिखने के पीछे माना जा रहा है कि युवक का नाम अरुण या अरु होगा। वहीं, जीआरपी ने लखनऊ और आसपास के कई जिलों के कंट्रोल रूम से किसी युवक व युवती के लापता होने की डिटेल के लिए संपर्क किया है।




































































