
मुरादाबाद। देहात सीट से सपा विधायक हाजी इकराम कुरैशी के गनर ने बुधवार देर रात अपनी कार्बाइन बंदूक से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। सिपाही ने ये आत्मघाती कदम अपने आवास पर उठाया है। वह बुलंदशहर के रहने वाला था और साल 2018 में पुलिस विभाग में भर्ती हुआ था। आत्महत्या का कारण पारिवारिक तनाव माना जा रहा है। मौके पर पंहुचे अधिकारियों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस लाइन में तैनात सिपाही मनीत प्रताप सिंह (23) की ड्यूटी इन दिनों मुरादाबाद देहात विधानसभा से सपा विधायक हाजी इकराम कुरैशी के गनर के रूप में चल रही थी। मनीत प्रताप सिंह बुलंदशहर कोतवाली देहात के गांव रसूलपुर पिटारी का मूल निवासी था। 2018 बैच में सिपाही के पद पर वह पुलिस में भर्ती हुआ था। मनीत कटघर थाना क्षेत्र के आदर्श नगर कालोनी में किराए के मकान में रहता था। बुधवार देर रात करीब दो बजे सिपाही मनीत प्रताप सिंह ने अपने कमरे में सरकारी कार्बाइन से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुची पुलिस ने जब दरवाजा तोड़ा तो देखा कि अंदर कमरे में सिपाही मृत पड़ा हुआ था। पुलिस का कहना है कि सिपाही ने पारिवारिक तनाव के कारण आत्मघाती कदम उठाया है। एसपी सिटी अमित कुमार आनंद ने बताया कि सिपाही किसी रिलेशनशिप में था। दोनों के परिवार इस रिलेशनशिप का विरोध कर रहे थे। इसी कारण सिपाही तनाव में चल रहा था। माना जा रहा है कि तनाव के कारण ही सिपाही ने गोली मारकर आत्महत्या की है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।



































































