
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में गांव डौंडिया खेड़ा गांव में टनों सोने के भंडार की भविष्यवाणी करने वाले बाबा शोभन सरकार का बुधवार सुबह देहांत हो गया है। शोभन सरकार ने अपने आश्रम स्थित आरोग्य धाम अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके देहांत की खबर लगने के बाद लोगों की भीड़ कोरोना का खौफ भूल गई और लॉकडाउन की परवाह किए बगैर आश्रम की ओर उमड़ पड़ी। शोभन सरकार का नाम महंत विरक्तानंद सरस्वती शोभन सरकार था। वह शोभन सरकार के नाम से प्रसिद्ध थे। विख्यात शोभन मंदिर के महंत थे। शोभन सरकार का अंतिम संस्कार चौबेपुर के सुनौहरा आश्रम में गंगा किनारे होगा।
शोभन सरकार का जन्म कानपुर देहात के शिवली में हुआ था। उनके पिता का नाम पंडित कैलाशनाथ तिवारी था। कहते हैं कि शोभन सरकार को 11 साल की उम्र में वैराग्य प्राप्त हो गया था। शोभन सरकार ने गांव के लोगों के लिए कई तरह के जनहित के काम किए हैं। यही वजह है कि गांव वाले भी उन्हें अब भगवान की तरह मानने लगे हैं। कानपुर ही नहीं आसपास के कई जिलों तक में उनके भक्त हैं। बाबा शोभन सरकार ने कानपुर के मंधना स्थित बीपीएमजी इंटर कालेज में हाईस्कूल तक पढ़ाई की। इसके बाद अचानकर गृहस्थ जीवन त्यागकर गुरु स्वामी सत्संगानंद जी की शरण में पहुंच गए। गुरु से आठ वर्ष तक दीक्षा लेने के बाद उन्होंने कानपुर देहात के शिवली में शोभन आश्रम का निर्माण कराया।
शोभन सरकार 2013 में उन्नाव के डौंडिया खेड़ा में सोने का खजाना की भविष्यवाणी कर चर्चा में आए थे। साथ ही देश-विदेश की मीडिया की सुर्खियों में रहे थे। डौंडियाखेड़ा गांव में राजा राव रामवख्श के खंडहर हो चुके महल में सोने का भंडार होने का सपना देखा। उन्होंने प्रदेश सरकार को जानकारी दी थी इस महल के भूगर्भ में हजारों टन सोना दबा है। इसके बाद एएसआइ ने 18 अक्टूबर को राजा राव रामबख्श के खंडहर महल में खुदाई शुरू कराई। जियोलॉजिकल ऑफ इंडिया ने एएसआइ को 29 अक्टूबर को रिपोर्ट दी थी, जिसमें उसने कहा था कि महल के नीचे सोना व चांदी या अन्य धातु दबी हो सकती है। करीब एक महीने तक चली खुदाई का काम काम 19 नवंबर 2013 को पूरा हुआ। इस काम में प्रदेश सरकार के 2.78 लाख रुपये खर्च हो गए थे। लेकिन सोना का भंडार न मिलने पर खुदाई को रोक दिया गया था। शोभन सरकार के निधन पर अखिलेश यादव ने व्यक्त किया दुख समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शोभन सरकार के निधन पर शोक व्यक्त किया है।उन्होंने ट्वीट किया शोभन सरकार का देहांत अत्यंत दुखद। ईश्वर संत आत्मा को शान्ति प्रदान करें और उनके लाखों अनुयायियों को कठिन समय की शक्ति दे।



































































