
लखनऊ। यूपी में कोरोना वायरस संक्रमण के 15 नए मामले आए हैं जिनमें आगरा के 3, लखनऊ के 3, गाजियाबाद के 2, मेरठ के चार, बुलंदशहर, बदायूं और भदोही का एक-एक मरीज है। इसके साथ ही प्रदेश में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की कुल संख्या 448 हो गई है जिनमें से 254 तब्लीगी जमात के हैं।
अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने शनिवार को मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि संक्रमण रोकने के लिए सरकार हरसंभव प्रयास कर रही है। प्रदेश में करीब 125 हॉटस्पॉट बनाए गए हैं जिसके अंतर्गत करीब एक लाख 41 हजार मकान आते हैं। इन क्षेत्रों की जनसंख्या करीब 8 लाख 95 हजार 21 है। इनमें कोरोना के 329 पॉजिटिव केस थे जबकि 2863 लोग संदिग्ध पाए गए थे जिन्हें क्वारंटीन किया गया है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में लॉकडाउन का सख्ती से पालन करवाया जा रहा है। अब तक धारा 188 के तहत 14,342 एफआईआर दर्ज की गई हैं जिसमें 45,483 लोगों को नामजद किया गया है और 35,569 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश में करीब 20 हजार वाहनों को सीज किया गया है और चालान के माध्यम से छह करोड़ चार लाख रुपये की वसूली की गई है। अपर मुख्य सचिव गृह ने बताया कि जिलों में हॉटस्पॉट बनाने की हमारी रणनीति काफी कारगर साबित हो रही है देश के अन्य राज्य भी इस पर काम कर रहे हैं। इसके अलावा, तब्लीगी जमात से जुड़े 259 विदेशियों पर भी एफआईआर दर्ज कर उनके पासपोर्ट जब्त कर लिए गए हैं। इन्हें क्वारंटीन किया गया है।



































































